पिपरनी के किसान परिवार के रोहित गहलोत का चयन "नेशनल यूथ पार्लियामेंट" के लिए
असलम खान
राजगढ़ (म.प्र.) – सरदारपुर तहसील के ग्राम पिपरनी निवासी रोहित गहलोत ने एक बार फिर यह साबित किया है कि ग्रामीण परिवेश से भी वैश्विक मंच तक पहुंचा जा सकता है। किसान एवं भवन निर्माण कार्य से जुड़े भीमालाल गहलोत के पुत्र रोहित का चयन "नेशनल यूथ पार्लियामेंट" के अंतर्गत 12 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल में हुआ है, जो आगामी दिनों में लंदन में आयोजित इंटरनेशनल यूथ पार्लियामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा।
इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के दौरान, रोहित दुनिया भर से आए युवाओं के साथ सामाजिक, राजनैतिक, आर्थिक, शैक्षणिक और औद्योगिक मुद्दों पर विचार साझा करेंगे। साथ ही वे विभिन्न देशों के युवा प्रतिनिधियों से संवाद कर वैश्विक स्तर पर भारतीय युवाओं की सोच और विचारधारा को प्रस्तुत करेंगे।
सफलता की कहानी
रोहित ने पत्रकारिता में स्नातक (बैचलर इन जर्नलिज्म) की डिग्री हासिल की है और उन्हें कई प्रमुख टीवी समाचार चैनलों से आमंत्रण प्राप्त हुआ है। हालांकि फिलहाल वे यूपीएससी और एमपीपीएससी मुख्य परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं, और उन्होंने चैनलों को स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षा पश्चात ही वे सेवा प्रारंभ करेंगे।
अपने दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने मार्गदर्शक सुशील कुमार जैन के साथ-साथ सरदारपुर के विधायक प्रताप ग्रेवाल सहित अनेक राजनीतिक व सामाजिक संगठनों से भी मुलाकात की और मार्गदर्शन प्राप्त किया।
भाषा प्रेरणा बनी परिवार की देन
रोहित की भाषा शैली और विचार व्यक्त करने की क्षमता को विकसित करने में उनके परिवार का भी योगदान रहा। उनकी प्रेरणा सीमा जैन और छोटे भाई गोकुल गहलोत ने इस उपलब्धि को परिवार और क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया।
यह उपलब्धि न केवल पिपरनी गांव और सरदारपुर तहसील के लिए गौरव की बात है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि ग्रामीण युवाओं में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व की क्षमता है।

إرسال تعليق