अल्ताफ खान धार
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 17 सितम्बर को निर्धारित पीएम मित्रा पार्क भैसोला आगमन के मद्देनज़र जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय सभागार में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित हुई, जिसमें सुरक्षा एवं संचालन व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मयंक अवस्थी, सीईओ श्री अभिषेक चौधरी सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के आगमन पर उच्चतम सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए और कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो। उन्होंने कहा कि हर कार्य समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से किया जाए ताकि यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हो।
सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की पुख्ता व्यवस्था
कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। प्रवेश द्वारों पर अनिवार्य जांच होगी और समयबद्ध प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। आपातकालीन परिस्थितियों के लिए विशेष चिकित्सा और बचाव सुविधाओं की तैयारी रखने के निर्देश भी दिए गए।
पीएम मित्रा पार्क तक आने-जाने वाले सभी मार्गों पर प्रभावी यातायात नियंत्रण और ट्रैफिक डायवर्जन योजना बनाई जाएगी। मुख्य मार्गों के साथ-साथ वैकल्पिक मार्गों का भी उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आमजन को असुविधा न हो। पार्किंग स्थलों का समतलीकरण कर व्यवस्थित करने और वहां आवश्यक इंतज़ाम करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि अस्थायी विद्युत लाइनें बिछाई जाएं और डार्क स्पॉट पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए। सतत विद्युत आपूर्ति हेतु जनरेटर लगाए जाएंगे। साथ ही, सभा स्थल पर सीसीटीवी कैमरों की स्थापना कर निगरानी व्यवस्था को और मज़बूत किया जाएगा।
सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने के लिए पर्याप्त संख्या में स्टॉपर तैनात होंगे। सड़क मरम्मत कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। वाहनों के आवागमन को सुचारू बनाने के लिए क्रेन, हिल्केन क्रेन और अन्य आवश्यक उपकरणों की भी व्यवस्था की जाएगी।


إرسال تعليق