अमर शहीदों को नमन : 34वीं वाहिनी में पुलिस स्मृति दिवस पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि।

 


अल्ताफ खान धार। 

पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मंगलवार को 34वीं वाहिनी धार परिसर में भावनाओं से भरा कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में राष्ट्र एवं समाज की सेवा करते हुए कर्तव्यपालन के दौरान शहीद हुए पुलिस जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर प्रियंक मिश्रा एवं विशेष अतिथि पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी रहे। समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान और शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर की गई।

संस्था प्रमुख कमांडेंट भगवत सिंह विरदे ने इस अवसर पर गत वर्ष देशभर में शहीद हुए 191 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के नामों का वाचन किया। उन्होंने उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि शहीदों की अमर गाथा हमें सदैव प्रेरणा देती रहेगी।

मुख्य अतिथि कलेक्टर मिश्रा और एसपी अवस्थी ने शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा— “हमारे शहीदों ने कर्तव्य के प्रति जो समर्पण और वीरता दिखाई, वह पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। पुलिस बल हमेशा जनता की सुरक्षा और राष्ट्र की एकता के लिए तत्पर रहेगा।”


इसके बाद आयोजित परेड के माध्यम से शहीदों को सलामी दी गई। समारोह में वनमंडल अधिकारी विजयनाथन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती पारुल बेलापुरकर, मुख्य जिला पंचायत अधिकारी अभिषेक चौधरी, नगर पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा (भा.पु.से.) सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और जवान बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


ख़बर पर आपकी राय