किसानों की समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पेटलावद ने सौंपा ज्ञापन।

किसानों की समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पेटलावद ने सौंपा ज्ञापन।


जिला कांग्रेस अध्यक्ष रांका व पूर्व विधायक वालसिंह मैडा के नेतृत्व में निकाली रैली

झाबुआ जावेद खान,,

प्रदेश में किसानों को खाद की भारी किल्लत, आधार सेंटरों की कमी और फसल सर्वे में अनियमितताओं जैसे मुद्दों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पेटलावद ने जिला कांग्रेस के नेतृत्व में राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को रैली निकालकर सौंपा। रैली का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रांकापूर्व विधायक वालसिंह मैडा ने किया।

प्रकाश रांका ने कहा कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात करती है, लेकिन हकीकत यह है कि किसान खाद के लिए रात-भर लाइनों में लगने को मजबूर हैं। सोयाबीन और मक्का की फसल तैयार है, पर खाद उपलब्ध नहीं है। उन्होंने मांग की कि प्रत्येक बीघा पर दो बैग खाद उपलब्ध कराया जाए एवं सभी बिक्री केन्द्रों पर छांव, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही, नगद बिक्री केन्द्रों की संख्या बढ़ाई जाए।

पूर्व विधायक वालसिंह मैडा ने कहा कि पेटलावद क्षेत्र का किसान मेहनतकश और उन्नतशील है, लेकिन सरकार की गलत नीतियों ने उसकी कमर तोड़ दी है। अनेक किसानों को डिफॉल्टर घोषित कर नगद खाद लेने को मजबूर किया गया है, लेकिन वहां भी खाद की उपलब्धता नहीं है और केन्द्रों की संख्या कम है, जिससे लंबी कतारें लग रही हैं। उन्होंने प्रत्येक क्लस्टर ग्राम में आधार कार्ड केंद्र शुरू करने की मांग भी रखी।

पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष ठाकुर चंद्रवीर सिंह राठौर ने कहा कि कृषि विभाग द्वारा टमाटर व मिर्च की खेती का रकबा कम दिखाया जा रहा है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने सर्वे में वास्तविक रकबा दर्शाने की मांग की।

कार्यक्रम का संचालन और ज्ञापन वाचन जिला कांग्रेस कोषाध्यक्ष सलीम शेख बामनिया ने किया।

इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष ठाकुर हनुमतसिंह डाबड़ी, जितेंद्र पाटीदार, दीपक चरण, विक्रम मैडा, ठाकुर अजय पाल सिंह बर्वेट, अनिल त्रिवेदी, सुखराम, नईम शेख, भारत मुलेवा, जावेद लोधी, एवं कई कांग्रेस के सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।


ख़बर पर आपकी राय