झाबुआ में बारिश के इंतजार में किसानों की बेचैनी, रायपुरिया में अनोखी प्रार्थना यात्रा
जिंदा व्यक्ति की प्रतीकात्मक अर्थी निकाल कर ईश्वर से बारिश की गुहार, ढोल-ताशों के साथ नगर भ्रमण में जुटे ग्रामीण।
झाबुआ। जिले में लंबे समय से बारिश की कमी के चलते किसान और आमजन दोनों ही गर्मी और उमस से परेशान हैं। खेतों में बुआई के बाद पानी नहीं गिरने से फसलों पर संकट के बादल छाए हुए हैं लेकिन आसमान से अब तक पर्याप्त बरसात नहीं हो पाई है। इससे किसानों में चिंता बढ़ती जा रही है।
बारिश को मेहरबान करने के लिए लोग अब परंपरागत मान्यताओं और टोटकों का सहारा ले रहे हैं। ऐसा ही अनोखा दृश्य पेटलावद क्षेत्र के ग्राम रायपुरिया में देखने को मिला, जहां ग्रामीणों ने बारिश के लिए अद्भुत अनुष्ठान किया। उन्होंने एक जिंदा व्यक्ति को अर्थी पर लिटाकर पूरे नगर में ढोल-ताशों के साथ यात्रा निकाली।
ग्रामीणों का मानना है कि इस प्रतीकात्मक अनुष्ठान से ईश्वर प्रसन्न होकर जल्द ही बारिश बरसाएंगे। यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान शामिल हुए, जिन्होंने ईश्वर से मेघों को खुलकर बरसाने की प्रार्थना की। पूरे नगर में यह अनोखी यात्रा लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।
ग्रामीणों ने बताया कि यह परंपरा कई वर्षों से कभी-कभी अत्यधिक सूखे या बारिश की लंबी खींच के दौरान की जाती है, और इसका उद्देश्य केवल भगवान से कृपा की याचना करना होता है। इस दौरान महिलाएं और बच्चे भी यात्रा में शामिल होकर भजन-कीर्तन करती रहीं।
न्यूज़ एडीटर जावेद रशीद खान
9424860555


إرسال تعليق