4 गुना स्टाम्प ड्यूटी वृद्धि पर कांग्रेस का हमला, भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
डेस्क झाबुआ। मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता साबिर फिटवेल ने राज्य सरकार पर आम जनता के साथ छल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने हाल ही में स्टाम्प शुल्क में 4 गुना बढ़ोतरी कर लोगों की जेब पर सीधा प्रहार किया है। उन्होंने इसे प्रदेश के इतिहास में सबसे बड़ी स्टाम्प शुल्क वृद्धि बताया और कहा कि इससे छात्र, वकील, छोटे व्यापारी से लेकर सरकारी योजनाओं के लाभार्थी तक सभी वर्ग प्रभावित होंगे।
फिटवेल ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार का यह फैसला "तुगलकी निर्णय" है और कांग्रेस इसका कड़ा विरोध करेगी। उनका आरोप है कि सरकार ने बजट में कोई नया टैक्स न लगाने का दावा किया था, लेकिन यह दावा झूठा साबित हुआ।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया—
- शपथ पत्र: ₹50 से बढ़कर ₹200
- अनुबंध लेख: ₹1,000 से बढ़कर ₹5,000
- पावर ऑफ अटॉर्नी: ₹1,000 से बढ़कर ₹5,000
- बंदूक लाइसेंस नवीनीकरण शुल्क: ₹2,000 से बढ़कर ₹5,000
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा सरकार नए राजस्व स्रोत विकसित करने या जनता के हित में योजनाएं बनाने के बजाय, सीधे लोगों की जेब से पैसा निकालकर अपना खजाना भरने में लगी है।
إرسال تعليق