नवरात्रि चल समारोह को भव्य बनाने का लिया संकल्प महिला मंडल की बैठक संपन्न


महिला मंडल की बैठक संपन्न 

नवरात्रि चल समारोह को भव्य बनाने का लिया संकल्प


अजय सेठिया थांदला।
 

आगामी 22 सितम्बर 2025 से शुरू हो रहे नवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर स्थानीय सांवलिया सेठ मंदिर प्रांगण में महिला मंडल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और पारंपरिक नवरात्रि चल समारोह, जो मठवाला कुआं चौराहा से निकलेगा, उसमें अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। साथ ही अन्य महिला मंडलों से भी इस भव्य आयोजन में शामिल होने का आवाह्न किया।


मठवाला गरबा महोत्सव समिति द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गरबा महोत्सव धूमधाम से मनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। यह नगर का सबसे पुराना गरबा आयोजन माना जाता है। इसकी शुरुआत एक छोटे से गरबे से हुई थी, लेकिन आज माँ अम्बे के आशीर्वाद से यह आयोजन विशाल और भव्य स्वरूप ले चुका है।


गरबे की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यहाँ हर वर्ष इतनी भीड़ उमड़ती है कि खेलने वालों के लिए जगह कम पड़ जाती है। यह सार्वजनिक आयोजन नगरवासियों के सहयोग और चंदे से सम्पन्न होता है।


मंदिर से जुड़े बुजुर्गों और वरिष्ठ सदस्यों का कहना है कि नवरात्रि के दौरान स्वयं माँ अम्बे यहाँ गरबा खेलने आती हैं और भक्तों की मनोकामनाएँ पूरी करती हैं। समिति के सदस्यों ने बताया कि कई बार शुरुआत में संख्या कम रहती है, लेकिन अचानक इतनी भीड़ उमड़ पड़ती है कि व्यवस्था संभालना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।


हर वर्ष की तरह इस बार भी नगर के श्रद्धालु तन-मन-धन से सहयोग कर रहे हैं। समिति ने नगरवासियों से अपील की है कि सभी मिलकर इस आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दें।


ख़बर पर आपकी राय