जावेद खान
थांदला। रविवार को खजूरी स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र बिड़ धाम मंदिर में आर्याव्रत पत्रकार संघ के तत्वावधान में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंदिर परिसर में छायादार एवं फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मंदिर के पुजारी एवं ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि प्रत्येक वर्ष मंदिर परिसर में पौधारोपण कर इसे हरा-भरा और स्वच्छ बनाए रखा जाएगा।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी अशोक कनेश, आर्याव्रत पत्रकार संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलीम शेरानी, अधिवक्ता प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज पुरोहित तथा जिला अध्यक्ष हरीश राठौर ने स्वयं फावड़ा चलाकर पौधे लगाए और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
"नशे से दूर रहेगा युवा तो अपराध भी होंगे कम" : थाना प्रभारी
थाना प्रभारी अशोक कनेश ने कहा कि बिड़ धाम केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि समाज सुधार का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां वर्षों से चल रहा नशा मुक्ति अभियान पुलिस के लिए भी प्रेरणादायी है। यदि युवा नशे से दूर रहेंगे तो अपराध स्वतः कम होंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन ऐसे सामाजिक और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों में हमेशा सहयोग करता रहेगा।
"पत्रकारिता केवल खबर नहीं, समाज सेवा भी" : हरीश राठौर
जिला अध्यक्ष हरीश राठौर ने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल समाचार प्रकाशित करना नहीं, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना भी है। बिड़ धाम जैसे धार्मिक स्थल पर पौधारोपण कर यह संदेश दिया गया है कि हर व्यक्ति यदि एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण का बड़ा अभियान सफल हो सकता है।
बिड़ धाम बना आस्था और नशा मुक्ति का केंद्र
समाजसेवी एवं पूर्व सरपंच कैलाश डामोर ने बताया कि खजूरी का बिड़ धाम क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रत्येक रविवार हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर के पंडित कालिया जी वर्षों से निशुल्क नशा मुक्ति अभियान चला रहे हैं। उनके मार्गदर्शन से सैकड़ों लोग नशे की लत छोड़कर सामान्य जीवन में लौटे हैं। श्रद्धालु इसे माताजी की कृपा और चमत्कार मानते हैं। मध्यप्रदेश, गुजरात और राजस्थान से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
हरियाली और स्वच्छता का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में सभी पत्रकारों, ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने मिलकर बिड़ धाम परिसर को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने का संकल्प लिया।
गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में थाना प्रभारी अशोक कनेश, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलीम शेरानी, प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज पुरोहित, जिला अध्यक्ष हरीश राठौर, जिला उपाध्यक्ष मोहन परमार, पवन नाहर, पंडित कालिया जी, धर्म प्रसाद, वरसिंग गरवाल, मोहन पडियार, वीरेन भट्ट, विवेक व्यास, धीरज वाघेला, रमेशचंद्र सोलंकी, उमेश पाटीदार, नीलिमा डाबी, इमरान खान, अर्जुन ठाकुर, पीयूष राठौड़, राकेश डाबी, धूलेसिंह पारगी, बेलू बारिया, शाहिद खान, काऊ जैन, कुलदीप वर्मा, निसार शेरानी, प्रियांश डाबी, मुकेश मईड़ा, निलेश बारिया, दिनेश पारगी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी एवं हजारों ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



Post a Comment