वनवासी कल्याण आश्रम में हुआ आयोजन,पूर्व सांसद गुमान सिंह डामोर सहित जनप्रतिनिधियों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन।
झाबुआ। जनजातीय समाज के गौरव, स्वाभिमान और अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले भगवान बिरसा मुंडा की जयंती वनवासी कल्याण आश्रम झाबुआ में धूमधाम एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पूर्व सांसद गुमान सिंह डामोर सहित जनप्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके संघर्षपूर्ण जीवन को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद गुमान सिंह डामोर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, राष्ट्रभक्ति और समाज के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने जनजातीय समाज की अस्मिता, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज को स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष कविता सिंगार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में शिक्षा, एकता और जागरूकता को बढ़ावा देना जरूरी है। अपनी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए समाज के विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे।
मंडल अध्यक्ष अंकुर पाठक ने भगवान बिरसा मुंडा को राष्ट्रभक्ति, संघर्ष और स्वाभिमान का प्रतीक बताते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। वहीं नगर अध्यक्ष मनोज अरोरा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अन्याय के विरुद्ध संघर्ष कर समाज को संगठित करने का संदेश दिया। उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर वनवासी कल्याण आश्रम के संगठन मंत्री कैलाश भाबर, अजजा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष भूपेश सिंगोड़, मंडल महामंत्री जुवान सिंह गुंडिया, मंडल मंत्री किशोर भाबर, उपाध्यक्ष शोभा कटारा, अजय अमारु डामोर एवं शरत शास्त्री सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। आयोजन के माध्यम से जनजातीय गौरव, सामाजिक एकता, सांस्कृतिक अस्मिता और समाज के उत्थान का संदेश दिया गया।

Post a Comment