जन्मदिन पर बच्चों को दिया ‘मुस्कान का उपहार’, स्कूल में लगाया झूला।

 



रोटरी क्लब अपना मेघनगर ने पीपलखुटा विद्यालय में शुरू किया सातवां झूला प्रकल्प; अध्यक्ष कमलेश गरवाल ने बच्चों संग मनाया जन्मदिन, तिथि भोज भी कराया।


जावेद खान 


मेघनगर। जन्मदिन पर केक काटकर खुशियां मनाने के बजाय बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने की पहल की गई। रोटरी क्लब अपना मेघनगर के अध्यक्ष रोटे. कमलेश गरवाल ने अपने जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए एकीकृत माध्यमिक विद्यालय पीपलखुटा में ‘रोटरी बाल मुस्कान झूला प्रकल्प’ के तहत सातवां झूला भेंट किया। इस दौरान विद्यालय के बच्चों को तिथि भोज कराया गया और रोटेरियन साथियों के साथ बच्चों के बीच खुशियां साझा की गईं।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीईओ दीपेश सोलंकी तथा विशेष अतिथि सरपंच मकन सिंह डामोर रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन से हुई। रोटरी परंपरा के अनुसार कार्यक्रम के शुभारंभ की घोषणा पूर्व अध्यक्ष महेंद्र सिंह सोलंकी ने की। उपाध्यक्ष मांगीलाल नायक ने रोटरी चतुविद मंत्र का वाचन किया।


बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता

रोटरी क्लब अध्यक्ष कमलेश गरवाल ने कहा कि क्लब सेवा गतिविधियों के साथ शिक्षा और बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दे रहा है। ग्रामीण विद्यालयों में खेल एवं मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध कराकर बच्चों को खुशनुमा वातावरण देना इस प्रकल्प का उद्देश्य है।


सरपंच मकन सिंह डामोर ने रोटरी क्लब के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए प्रकल्प के विस्तार के लिए ₹5,100 सहयोग राशि देने की घोषणा की। वहीं मुख्य अतिथि बीईओ दीपेश सोलंकी ने क्लब की पहल की प्रशंसा करते हुए ₹6,000 सहयोग राशि देने की घोषणा की। उन्होंने विद्यालय में बच्चों के लिए अतिरिक्त झूले एवं फिसलपट्टी लगाने का सुझाव भी दिया।


₹3,100 सहयोग पर स्कूल में लगाया जाता है झूला

रोटरी क्लब के संस्थापक अध्यक्ष रोटे. भरत मिस्त्री शर्मा ने बताया कि ‘रोटरी बाल मुस्कान झूला प्रकल्प’ के तहत शाला परिवार की ओर से ₹3,100 सहयोग राशि प्राप्त होने पर क्लब द्वारा विद्यालय में झूला लगाया जाता है। शेष राशि क्लब द्वारा वहन की जाती है। इस प्रकल्प के अंतर्गत अब तक विभिन्न विद्यालयों में सात झूले लगाए जा चुके हैं।


पुण्यतिथि पर पंखा, जन्मदिन पर सहयोग की घोषणा

कार्यक्रम में कवि निसार पठान ने अपने पिता की पुण्यतिथि पर विद्यालय में पंखा भेंट करने की घोषणा की। संस्था प्रमुख श्रीमती रागिनी कंठालिया ने अपने पुत्र के जन्मदिन के अवसर पर रोटरी क्लब को ₹3,100 सहयोग राशि देने की घोषणा की। गायक राकेश हाड़ा ने गीतों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को संगीतमय बना दिया।


झूला मिलते ही बच्चों के चेहरे खिल उठे

तिथि भोज के दौरान अतिथियों एवं रोटेरियन साथियों ने बच्चों के साथ समय बिताया। विद्यालय को झूला मिलने की खुशी बच्चों के चेहरों पर साफ नजर आई। जन्मदिन की खुशी को बच्चों के साथ साझा करने की यह पहल पूरे कार्यक्रम का आकर्षण रही।


कार्यक्रम में रोटरी क्लब के संस्थापक अध्यक्ष रोटे. भरत मिस्त्री शर्मा, उपाध्यक्ष रोटे. मांगीलाल नायक, रोटे. पंकज रांका, श्रीमती माया शर्मा, श्रीमती कुसुम सोलंकी, अभय जैन सहित रोटेरियन, शाला परिवार एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का संचालन जयंत बैरागी ने किया। अंत में संस्था प्रमुख राजेंद्र सिंह पढ़वाल ने सभी अतिथियों, रोटेरियन एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।


ख़बर पर आपकी राय