55 लोगों ने किया रक्तदान, जीवनधारा अभियान को मिला पंचाल समाज का साथ

 चतुर्थ प्रतिभा सम्मान समारोह में 70 मेधावी विद्यार्थियों के साथ सेवानिवृत्त वरिष्ठजनों का सम्मान, महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा



थांदला। जिला प्रशासन के ‘जीवनधारा अभियान’ को सहयोग देते हुए श्री विश्वकर्मा पंचाल विकास सेवा समिति झाबुआ/आलीराजपुर के तत्वावधान में थांदला के मेट्रो गार्डन में चतुर्थ प्रतिभा सम्मान समारोह एवं स्वैच्छिक रक्तदान-रक्त समूह परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। सेवा और शिक्षा को समर्पित इस आयोजन में समाजजनों ने उत्साह के साथ भाग लिया। शिविर में 55 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने की मुहिम में अपना योगदान दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत समिति अध्यक्ष जगदीश पंचाल के स्वागत भाषण एवं अतिथि परिचय से हुई। संचालन समिति सचिव हरीश पंचाल ने किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक वीरसिंह भूरिया मुख्य अतिथि, थांदला एसडीएम भास्कर गाचले अध्यक्ष तथा नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी सुनील पणदा और दाहोद के समाजसेवी धर्मेंद्र पंचाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।


पहली बार रक्तदान कर लक्ष्मी पणदा ने दिया महिलाओं को संदेश


रक्तदान शिविर में युवाओं के साथ महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी सुनील पणदा ने पहली बार रक्तदान कर महिलाओं को भी इस पुनीत कार्य के लिए आगे आने का संदेश दिया। वहीं रक्त समूह परीक्षण शिविर की शुरुआत 11 माह के निवान धर्मेंद्र पंचाल के रक्त समूह की जांच से हुई।


रक्तदान के साथ नेत्रदान और अंगदान के लिए किया प्रेरित




समाजसेवी धर्मेंद्र पंचाल ने रक्तदान के साथ नेत्रदान एवं अंगदान के लिए भी समाजजनों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का ऐसा कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद को जीवनदान मिल सकता है। युवाओं को आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए।



एसडीएम भास्कर गाचले ने कहा कि समाज का यह प्रयास अभिनंदनीय है। प्रतिभा सम्मान से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ेगी, वहीं रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी जागरूक समाज की पहचान है।

विधायक वीरसिंह भूरिया ने कहा कि पंचाल समाज ने जागरूकता का परिचय देते हुए रक्तदान किया है। यह रक्त सिकल सेल से पीड़ित जरूरतमंदों के काम आएगा। उन्होंने समाज का आभार व्यक्त किया।

नगर परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुनील पणदा ने कहा कि पंचाल समाज की जागरूकता से अन्य समाज भी प्रेरणा लेंगे और मानवता की सेवा के लिए रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में आगे आएंगे।


70 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

समिति अध्यक्ष जगदीश पंचाल एवं सचिव हरीश पंचाल ने बताया कि समारोह में कुल 70 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। इनमें कक्षा 8वीं के 27, कक्षा 10वीं के 19, कक्षा 12वीं के 14, खेलकूद क्षेत्र के 8 तथा उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे 2 विद्यार्थी शामिल रहे।

इसके साथ ही राजनीति के क्षेत्र में दायित्व निभा रहे 6 कार्यकर्ताओं तथा शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए 5 वरिष्ठ समाजजनों का भी सम्मान किया गया।


भामाशाहों सहित मंदिर निर्माण और सुंदरकांड मंडल का सम्मान

समारोह में समाजसेवी प्रवीन पंचाल एवं श्रीमती वर्षा पंचाल का भामाशाह के रूप में विशेष स्वागत-सम्मान किया गया। खरडू पंचाल समाज द्वारा भव्य श्री विश्वकर्मा मंदिर निर्माण किए जाने तथा सिद्धेश्वर रामायण मंडल काकनवानी द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ किए जाने पर समिति की ओर से उनका भी सम्मान किया गया।

सेवा के साथ शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प


प्रतिभा सम्मान और रक्तदान शिविर के माध्यम से पंचाल समाज ने सेवा और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। आयोजन के अंत में समिति पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने जिला प्रशासन के ‘जीवनधारा अभियान’ को भविष्य में भी निरंतर सहयोग देने का संकल्प लिया।



ये रहे उपस्थित

आयोजन में समाज के वरिष्ठ बाबूलाल पंचाल झाबुआ, डॉ. परमानंद पंचाल, प्रवीण पंचाल भगोर, कुंतल पंचाल, विनोद पंचाल झाबुआ, मुकेश पंचाल, अल्केश पंचाल, राजेंद्र पंचाल, दुर्गेश पंचाल सहित महिला मंडल की माया पंचाल, कांता पंचाल एवं शारदा पंचाल समेत बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं एवं समाजजन मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में संपूर्ण पंचाल समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

ख़बर पर आपकी राय