यात्री बस अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकराई, बड़ा हादसा टला
असलम खान राजगढ़।
राजगढ़–बाग टू लेन मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढे अब गंभीर खतरा साबित हो रहे हैं। गुरुवार को इसी लापरवाही का खामियाज़ा तब सामने आया जब सोंडवा से इंदौर जा रही छाबड़ा बस सर्विस की यात्री बस रिंगनोद–राजगढ़ मार्ग पर गेहूं फैक्ट्री, तोल कांटा के समीप एक गहरे गड्ढे में कूद गई। गड्ढे के कारण बस अनियंत्रित होकर सीधे सड़क किनारे खड़े विद्युत पोल से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि विद्युत सप्लाई तत्काल बंद हो गई और सभी यात्री दहशत में आ गए। हालांकि, सौभाग्य से कोई जनहानि नहीं हुई। बस में बैठे यात्री भाव सिंह और करण मोरी ने बताया कि “बस का अगला पहिया गड्ढे में जाते ही वाहन बेकाबू हो गया। अगर विद्युत सप्लाई बंद न होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।”
घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जेसीबी की मदद से बस को हटवाया और क्षतिग्रस्त तारों को सुधारकर विद्युत आपूर्ति बहाल की। बस चालक गुड्डू भाई ने भी बताया कि “मार्ग पर लगातार गड्ढों की वजह से प्रतिदिन वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं, लेकिन एमपीआरडीसी इस ओर ध्यान नहीं दे रही।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर प्रतिदिन हजारों रुपए टोल टैक्स वसूला जाता है, फिर भी सड़क की मरम्मत नहीं की जा रही है। गड्ढों की बढ़ती संख्या के चलते हर दिन दुर्घटना का खतरा मंडराता रहता है।

إرسال تعليق