जावेद खान थांदला 09424860555
शिक्षा के क्षेत्र में कड़ी मेहनत, मजबूत नेतृत्व और टीम भावना का जबरदस्त उदाहरण पेश करते हुए बीईओ दीपेश सोलंकी ने थांदला ब्लॉक की तस्वीर ही बदल दी। सोलंकी की मेहनत का असर महज़ एक वर्ष में साफ दिखाई देने लगा है,जहां ब्लॉक ने परीक्षा परिणामों में उल्लेखनीय उछाल दर्ज कर नई पहचान बनाई है।
पिछले एक वर्ष से बीईओ के साथ-साथ बीआरसी का अतिरिक्त प्रभार संभालते हुए भी दीपेश सोलंकी ने अपने कर्तव्यों का बेहतरीन निर्वहन किया। उनकी कार्यशैली न केवल प्रशासनिक स्तर पर मजबूत रही, बल्कि स्टाफ के साथ पारिवारिक संबंध बनाकर उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में नई ऊर्जा भर दी। वर्तमान में वे थांदला-मेघनगर में बीईओ का दायित्व निभा रहे हैं, साथ ही थांदला में बीआरसी के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 5वीं और 8वीं के परीक्षा परिणामों में थांदला ब्लॉक ने शानदार प्रदर्शन कर जिले में अपनी रैंकिंग सुधार ली है।
कक्षा 5वीं में तीसरी रैंक
कक्षा 8वीं में चौथी रैंक
जहां पिछले वर्ष दोनों कक्षाओं में ब्लॉक छठे स्थान पर था, वहीं इस वर्ष बड़ी छलांग लगाते हुए टॉप-5 में जगह बनाई है।
कक्षा 5वीं का परिणाम: 98.7%
कक्षा 8वीं का परिणाम: 98.3%
दीपेश सोलंकी ने इस सफलता का श्रेय सभी शिक्षकों की मेहनत और टीमवर्क को दिया। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष थांदला ब्लॉक को जिले में प्रथम स्थान दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
यह उपलब्धि न सिर्फ शिक्षा विभाग के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह साबित करती है कि सही नेतृत्व और समर्पण से कम समय में भी बड़े बदलाव संभव हैं।

إرسال تعليق