घटस्थापना के साथ नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ, ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंजा नगर; नौ दिनों तक सजेगा गरबा रास
थांदला। नगर के मठ वाला कुआं स्थित अम्बे माता मंदिर में मठ वाला कुआं गरबा महोत्सव समिति के तत्वावधान में नवरात्र महोत्सव का भक्तिमय शुभारंभ हुआ। घटस्थापना के अवसर पर बैंड-बाजों और ढोल की धुन के बीच माता रानी का भव्य चल समारोह निकाला गया। इसमें श्रद्धालु नाचते-गाते और ‘जय माता दी’ के जयकारे लगाते हुए शामिल हुए। माता रानी को नगर भ्रमण करवाने के बाद गरबा स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ घटस्थापना की गई।
नवरात्र महोत्सव शुरू होते ही नगर में भक्तिमय माहौल छा गया है। अगले नौ दिनों तक श्रद्धालु मां शक्ति के विभिन्न स्वरूपों की पूजा-अर्चना, व्रत और आराधना करेंगे। वहीं, नगर के विभिन्न गरबा मंडलों में भी गरबा और डांडिया की धूम शुरू हो गई है।
मुख्य मार्गों से निकला चल समारोह, जगह-जगह गूंजे जयकारे।
नौ दिनों तक गरबा रास, श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली मातृशक्ति होगी पुरस्कृत।
समिति ने नगर एवं क्षेत्र की मातृशक्ति से अधिक से अधिक संख्या में मठ वाला कुआं गरबा महोत्सव में शामिल होकर मां शक्ति की आराधना करने और गरबा रास में सहभागी बनने की अपील की है।




إرسال تعليق