छात्रावास निरीक्षण में तहसीलदार ने दिए सख्त निर्देशबच्चों की पढ़ाई और भोजन में कोई लापरवाही न हो" - मुकेश बामनिया

छात्रावास निरीक्षण में तहसीलदार ने दिए सख्त निर्देश


"बच्चों की पढ़ाई और भोजन में कोई लापरवाही न हो" - मुकेश बामनिया

(असलम खान सरदारपुर)

सोमवार शाम सरदारपुर तहसीलदार मुकेश बामनिया ने रिंगनोद स्थित बालक आश्रम एवं सीनियर बालक छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधीक्षकों से चर्चा कर बच्चों की पढ़ाई, भोजन और नाश्ते की जानकारी ली तथा साफ-सफाई व्यवस्था का जायज़ा भी लिया।

तहसीलदार ने निर्देश दिए कि बच्चों की सुविधा से जुड़े किसी भी मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने भोजन कक्ष, शौचालय और परिसर का निरीक्षण करते हुए पाई गई कमियों पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए।


जर्जर शौचालय बना हादसे का खतरा

बालक आश्रम अधीक्षक भूरसिंह भाभर ने बताया कि आश्रम के शौचालय की छत पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जिससे बच्चों को वहां भेजना खतरे से खाली नहीं है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार द्वारा लापरवाहीपूर्वक जर्जर छत पर ही नई छत डाल दी गई, जिससे नीचे से कांक्रीट गिरता रहता है और हादसे की आशंका बनी हुई है। अधीक्षक ने बताया कि बच्चों को शौचालय से दूर ही रखा जा रहा है।

विद्युत तार और कच्चा मार्ग भी समस्या

सीनियर बालक छात्रावास के अधीक्षक कालूराम मछार ने छात्रावास परिसर में नीचे लटकते बिजली के तार और मुख्य मार्ग से छात्रावास तक कच्चे रास्ते की समस्या बताई। तहसीलदार ने इसे संज्ञान में लेते हुए विद्युत विभाग को पत्र लिखने और ग्राम पंचायत सचिव अखिलेश मोलवा से मार्ग को लेकर चर्चा करने की बात कही।


ग्रामीणों की भी सुनी समस्याएं

तहसीलदार बामनिया निरीक्षण के बाद तलाईपूरा मोहल्ले पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य मार्ग पर कीचड़ और बिजली की डीपी के कारण करंट फैलने का खतरा बना रहता है। इस पर तहसीलदार ने संबंधित विभागों से बात करने का आश्वासन दिया।

मंदिर परिसर की छत पर जाली लगाने के निर्देश

निरीक्षण उपरांत तहसीलदार ने मनकामेश्वर महादेव मंदिर का भ्रमण किया और वहां कुएं की क्षतिग्रस्त छत को देखकर ग्राम पंचायत को छत पर जाली लगाने के निर्देश दिए।

रिपोर्ट जिला अधिकारियों को भेजी जाएगी

तहसीलदार मुकेश बामनिया ने बताया कि निरीक्षण में पाई गई सभी खामियों की रिपोर्ट जिला स्तर के अधिकारियों को भेजी जाएगी और जल्द ही सभी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार के साथ राजस्व निरीक्षक दिनेश व्यास भी मौजूद रहे।

ख़बर पर आपकी राय