नाला आया उफान पर, घंटो फंसे रहे स्कूली बच्चे,ग्रामीणों ने बनाया मानव चैनल बनाकर बच्चों को कराया पार,
अल्ताफ खान धार
धार जिलेभर में लगातार तेज वर्षा हो रही है। कहीं ये वर्षा किसानों के लिए वरदान बन रही है तो वहीं कई जगह ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण भी बन गई है। नदी-नाले उफान पर आने से कई गांवों का संपर्क टूट गया है। सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों और ग्रामीणों को हो रही है, जिन्हें रोजाना जान जोखिम में डालकर नाले पार करने पड़ रहे हैं। जिले के नालछा विकासखंड के ग्राम चायड़ीपुरा में शनिवार को ऐसा ही मामला सामने आया। यहां स्कूली बच्चे, नालछा से पढ़ाई कर अपने गांव लौट रहे थे, तभी अचानक तेज वर्षा होने लगी, गांव के बीच से गुजरने वाला नाला उफान पर आ गया। बच्चे नाले के इस पार खड़े रह गए और करीब डेढ़ घंटे तक पानी का बहाव कम होने का इंतजार करते रहे। लेकिन वर्षा थमने के बाद भी पानी का जोर कम नहीं हुआ। इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर बच्चों को सुरक्षित निकालने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर चैनल बनाई और उसी सहारे बच्चों को एक-एक कर नाले के पार पहुंचाया। इस दौरान बच्चों के चेहरे पर डर साफ झलक रहा था। वहीं ग्रामीणों ने भी जान जोखिम में डालकर, सभी को सुरक्षित बाहर निकाला हैं। जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं और ग्रामीणों का कहना हैं कि, हर साल वर्षा में यह स्थिति बनती है। नाले पर पुलिया नहीं होने से बच्चों और ग्रामीणों को आवागमन में खतरा उठाना पड़ता है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से जल्द से जल्द नाले पर पुलिया बनाने की मांग की, ताकि कोई अप्रिय घटना नहीं हो।

إرسال تعليق