पिछले 8 वर्षों में वसूली गई लेट फीस-पेनाल्टी का हिसाब दे सरकार : कांग्रेस
गब्बर सिंह टैक्स ने 8 साल में तबाह की अर्थव्यवस्था
छोटे व्यापारियों के लिए राहत पैकेज की मांग
झाबुआ। केंद्र की भाजपा सरकार पर कांग्रेस ने बड़ा हमला बोला है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता साबिर फिटवेल एवं कांग्रेस महासचिव निर्मल मेहता ने बयान जारी करते हुए कहा कि मोदी सरकार देश की पहली ऐसी सरकार है, जो अपनी गलतियों को सुधारने पर माफी मांगने के बजाय उसे जनता के लिए उपहार बताती है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में किए गए जीएसटी रिफॉर्म दरअसल नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के वर्षों से चल रहे संघर्ष का नतीजा हैं। राहुल गांधी लगातार छोटे व्यापारियों और आम जनता की जीएसटी से जुड़ी समस्याओं को उठा रहे थे और सरलीकरण की मांग कर रहे थे।
“जल्दबाजी में लागू हुआ जीएसटी”
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 2017 में बिना व्यापक तैयारी के लागू किए गए वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) ने आठ साल में देश की अर्थव्यवस्था, उद्योग जगत और आम नागरिकों को काफी नुकसान पहुंचाया। अब तक जीएसटी में करीब 900 संशोधन किए जा चुके हैं, जो यह साबित करता है कि मोदी सरकार इसे सही तरीके से लागू करने में विफल रही।
कांग्रेस ने कहा कि उसके समय तैयार किए गए मूल ढांचे में केवल दो टैक्स स्लैब थे, ताकि व्यवस्था सरल और पारदर्शी रहे। लेकिन भाजपा सरकार ने इसे पांच स्लैब में बांटकर कर प्रणाली को जटिल बना दिया और जनता व छोटे व्यापारियों पर कर का बोझ कई गुना बढ़ा दिया।
“गब्बर सिंह टैक्स से चौपट उद्योग”
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी ने इसी अन्यायपूर्ण व्यवस्था को ‘गब्बर सिंह टैक्स’ कहा था। भाजपा सरकार की गलत नीतियों से हजारों उद्योग बंद हो गए, लाखों लोग बेरोजगार हुए और जनता से पेनाल्टी व लेट फीस के नाम पर करोड़ों रुपये वसूले गए।
हाल ही में 28% स्लैब खत्म करने और कई वस्तुओं को 12% से 5% में लाने का निर्णय भी कांग्रेस की वर्षों से उठाई जा रही मांग और राहुल गांधी के संघर्ष का परिणाम है।
“भाजपा मांगे माफी”
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि भाजपा सरकार को जनता से माफी मांगनी चाहिए और बीते 8 वर्षों में वसूली गई लेट फीस व पेनाल्टी का हिसाब देना चाहिए। साथ ही छोटे व्यापारियों के लिए राहत पैकेज की घोषणा करनी चाहिए।
कांग्रेस ने दोहराया कि यह केवल टैक्स का विषय नहीं, बल्कि जनता के विश्वास का सवाल है। कांग्रेस हमेशा से सरल और पारदर्शी टैक्स व्यवस्था की पक्षधर रही है और आगे भी रहेगी।
न्यूज एडीटर जावेद रशीद खान
9424860555

إرسال تعليق