13 सितम्बर को जिलेभर में 40 खंडपीठों पर होगा प्रकरणों का निराकरण
अल्ताफ खान धार।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आगामी 13 सितम्बर 2025, शनिवार को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की तैयारियों में जुट गया है।
विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के लोगों को निशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना तथा उन्हें उचित सलाह प्रदान करना है। इसी क्रम में निरंतर प्राधिकरण द्वारा प्रभावी कार्य किया जा रहा है।
प्राधिकरण के जिला सचिव एवं न्यायाधीश प्रदीप सोनी ने बताया कि 13 सितम्बर को जिला न्यायालय परिसर सहित जिलेभर में लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें आपसी सहमति से समाधान योग्य मामलों को रखा जाएगा, जिनका निपटारा सौहार्दपूर्ण तरीके से किया जाएगा।
इस आयोजन को लेकर जिले में कुल 40 खंडपीठों का गठन किया गया है। तैयारियों की समीक्षा हेतु प्रधान जिला न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष संजीव अग्रवाल के मार्गदर्शन में बैठक भी संपन्न हो चुकी है। बैठक में संबंधित अधिकारीगण एवं अधिवक्ता मौजूद रहे।

Post a Comment