अल्ताफ खान धार।
जिला अभिभाषक संघ धार द्वारा जिला न्यायालय परिसर में लायर्स चेम्बर बिल्डिंग की तृतीय एवं चतुर्थ मंजिल का शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि म.प्र. शासन के केबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय रहे, जबकि स्थानीय विधायक श्रीमती नीना वर्मा ने अध्यक्षता की। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव कुमार अग्रवाल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी आमंत्रित किया गया था, किंतु व्यस्तता के कारण वे उपस्थित नहीं हो सके। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान अभिभाषक संघ अध्यक्ष हितैष ठाकुर से फोन पर बात कर मंच से ही शुभकामनाएँ प्रेषित कीं और उपस्थित न्यायाधीशगण एवं अभिभाषकों को संबोधित भी किया।
अध्यक्ष हितैष ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि दो मंजिलों के इस निर्माण पर लगभग पौने दो करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसमें पहले से निर्मित 53 चेम्बरों के अतिरिक्त 36 नए चेम्बरों का निर्माण होगा। भविष्य में कुल 89 चेम्बरों में लगभग 300 अधिवक्ता अपने मुवक्किलों के साथ आधुनिक सुविधाओं सहित कार्य कर सकेंगे। इस निर्माण हेतु माननीय उच्च न्यायालय, जबलपुर से अनुमति प्राप्त की गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि चेम्बर निर्माण हेतु संबंधित अधिवक्ताओं से ₹4.5 लाख की राशि डिपॉजिट के रूप में ली जा रही है। शासन, उच्च न्यायालय अथवा स्टेट बार कौंसिल से कोई आर्थिक सहयोग नहीं लिया गया है।
समारोह में जिला न्यायाधीशगण, अभिभाषक संघ पदाधिकारी—उपाध्यक्ष राकेश चौधरी, सचिव संतोष जाट, सहसचिव विनय प्रजापति, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र संवराया, ग्रंथपाल विनोद नाभावंशी, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य महेन्द्र रघुवंशी एवं कृष्णा देवड़ा, महिला कार्यकारिणी सदस्य दुर्गा मेरवानी, कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य मनोज परमार व प्रखर सोनी सहित वरिष्ठ अभिभाषक असलम खान, मिर्जा मेहमूद बेग, बी.एल. गेहलोद, सुरेश जलोदिया, के.सी. जैन, अनवर खान, संजय अग्रवाल, सतीश ठाकुर, प्रवीण शर्मा, राजेश रघुवंशी आदि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Post a Comment