फुलझड़ी की चिंगारी से भड़की आग, कई दुकानें-मकान और वाहन आए लपटों की चपेट में
अल्ताफ खान धार।
गंधवानी विकासखंड के ग्राम बिल्दा में दीपावली के पूर्व साप्ताहिक हाट बाजार के दौरान शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। बाजार में लगी पटाखा दुकानों में अचानक आग लग गई, जिससे कई दुकानें, मकान और वाहन जलकर खाक हो गए। हादसे में पांच लोग झुलसकर घायल हो गए, जिनका उपचार स्थानीय अस्पताल में जारी है। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा विस्फोट और नुकसान टल गया।
कैसे हुआ हादसा:
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ बच्चे हाट बाजार के पास फुलझड़ी जलाकर खेल रहे थे, तभी उसकी चिंगारी पास में लगी पटाखा दुकान पर जा गिरी। कुछ ही सेकंड में पटाखों में धमाके होने लगे और दुकान आग की लपटों में घिर गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते आसपास की अन्य दुकानें, मकान और वाहन भी इसकी चपेट में आ गए।
अफरा-तफरी और जन-धन की हानि:
घटना के बाद पूरे बाजार में भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे। स्थानीय लोगों ने पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन पटाखों के लगातार फटने से आग फैलती रही। आखिरकार पुलिस और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई:
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जिला प्रशासन ने मानवीय आधार पर रेडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम से प्रत्येक घायल को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
दीपावली पर सुरक्षा के लिए चेतावनी:
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दीपावली के दौरान पटाखों का अत्यधिक भंडारण न करें, बच्चों को पटाखे से दूर रखें, खुले स्थान पर ही आतिशबाजी करें और अग्निशमन साधन पास में रखें। एक छोटी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है।
إرسال تعليق