जावेद खान थांदला।
शिक्षण को रोचक, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से पीएम श्री विद्यालय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय थांदला में एक दिवसीय टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मटेरियल) मेले का आयोजन किया गया। यह आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी थांदला दीपेश सोलंकी के मुख्य आतिथ्य में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
संस्था के प्राचार्य मंगल सिंह नायक ने जानकारी देते हुए बताया कि मेले में कक्षा पहली से 12वीं तक की छात्राओं ने अपने विषय शिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न विषयों एवं थीम पर आधारित शिक्षण-अधिगम सामग्री तैयार कर प्रदर्शित की। साथ ही विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा भी नवाचार आधारित मॉडल प्रस्तुत किए गए, जिनसे शिक्षण प्रक्रिया और अधिक सरल, रोचक एवं गुणवत्तापूर्ण बन सकेगी।
मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी दीपेश सोलंकी ने छात्राओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता एवं प्रयोगशीलता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने छात्राओं से निष्ठा व लगन से अध्ययन करने और शिक्षकों से उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान कर इस वर्ष भी बोर्ड परीक्षा परिणाम को श्रेष्ठतम बनाने का आह्वान किया।
मेले में बड़ी संख्या में छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


إرسال تعليق