झाबुआ जावेद खान 9424860555
जिले के निजी बस चालक-परिचालक संघ के साथियों ने यह साबित कर दिया कि मुश्किल घड़ी में इंसान ही इंसान के काम आता है। एक ड्राइवर साथी जो लंबे समय से बीमार चल रहे हैं और अपनी ड्यूटी भी नहीं कर पा रहे—उनकी बेटी का विवाह तय हुआ, लेकिन आर्थिक संकट उनके सामने एक बड़ी चिंता बनकर खड़ा था।
यह बात जब चालक-परिचालक संघ के साथियों और पदाधिकारियों तक पहुँची, तो सभी ने बिना किसी हिचक के मदद का हाथ बढ़ाया। व्हॉट्सऐप ग्रुप पर एक अपील डाली गई और देखते ही देखते साथियों ने मिल-जुलकर ₹28,002 नकद और चांदी के कुछ आभूषण एकत्रित कर लिए। यह रकम संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सैय्यद सोनू अली और वरिष्ठ सदस्य अंतर सिंह द्वारा ड्राइवर साथी के परिवार को ससम्मान भेंट की गई।
इस नेक कार्य में प्रदेश उपाध्यक्ष सोनू भाई, संगठन मंत्री अंतर सिंह, जिला अध्यक्ष हाजी लाला पठान, जिला सहयोजक सहयोग जैन, सदस्य रईस भाई, जाहिद भाई, रितेश वाघेला, पीयूष सेठ, संजय पाटीदार सहित अनेक साथियों ने दिल से योगदान दिया।
सबकी आँखों में एक ही भाव था—
“हम एक परिवार हैं… और परिवार मुश्किल वक्त में साथ खड़ा होता है।”
चालक-परिचालक संघ ने सभी दानदाताओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।
यह उदाहरण याद दिलाता है कि समाज में अब भी संवेदनाएँ जिंदा हैं—जहाँ साथियों का साथ ही सबसे बड़ी ताकत बन जाता है।

Post a Comment