शिक्षा में बेटियों का परचम: थांदला का पीएम श्री कन्या विद्यालय रहा अव्वल प्राचार्य मंगल सिंह नायक की मेहनत लाई रंग।



थांदला। माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा घोषित बोर्ड परीक्षा परिणाम में पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, थांदला ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी विद्यालय का परीक्षा परिणाम उल्लेखनीय रहा, जिससे पूरे नगर में खुशी का माहौल है।

संस्था के प्राचार्य मंगल सिंह नायक के अनुसार, हायर सेकेंडरी (12वीं) परीक्षा परिणाम 90.37% दर्ज किया गया। परीक्षा में शामिल कुल 144 छात्राओं में से 131 छात्राएं सफल रहीं। इनमें 120 छात्राएं प्रथम श्रेणी एवं 11 छात्राएं द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुईं। साथ ही 26 छात्राओं ने निशुल्क लैपटॉप योजना के लिए पात्रता हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

वहीं हाई स्कूल (10वीं) परीक्षा परिणाम भी 91.60% रहा। कुल 135 छात्राओं में से 122 छात्राएं उत्तीर्ण हुईं। सफल छात्राओं में 65 प्रथम श्रेणी एवं 57 द्वितीय श्रेणी में रहीं, जबकि 24 छात्राओं ने 75% से अधिक अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की।

छात्राओं की इस शानदार सफलता पर अनुविभागीय अधिकारी भास्कर गाचले, तहसीलदार सुखदेव डावर, सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग श्रीमती सुप्रिया बिसेन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपेश सोलंकी सहित विद्यालय स्टाफ ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्राओं को बधाई दी।

इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसीलदार ने विद्यालय पहुंचकर उत्तीर्ण छात्राओं का पुष्पमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर सम्मान किया।

ख़बर पर आपकी राय