"मातृधरा अभियान": नारी शक्ति से प्रकृति को शक्ति देने जिला प्रशासन की अभिनव पहल


"मातृधरा अभियान": नारी शक्ति से प्रकृति को शक्ति देने जिला प्रशासन की अभिनव पहल


झाबुआ, 13 जुलाई 2025।
पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर नेहा मीना की पहल पर जिले में "मातृधरा अभियान" की शुरुआत की गई है। इस अभियान का उद्देश्य नारी शक्ति की सहभागिता से धरती माँ को पुनः हरा-भरा बनाना और आने वाली पीढ़ियों में प्रकृति के प्रति जागरूकता को बढ़ाना है।

इस क्रम में 12 जुलाई को जिले में विभिन्न सामाजिक संगठनों की महिलाओं के साथ परिचर्चा बैठक आयोजित की गई, जिसमें पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के लिए बहुमूल्य सुझाव दिए गए। बैठक में आने वाली पीढ़ियों को हरियाली से जोड़ने और वृक्षारोपण को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

लोगो डिजाइन प्रतियोगिता का आयोजन

अभियान की पहचान और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लोगो डिजाइन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्देश्य “नारी शक्ति से प्रकृति को शक्ति” की थीम पर आधारित ऐसा लोगो बनाना है जो पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और हरियाली बढ़ाने का संदेश दे।

प्रतिभागी 13 जुलाई से 20 जुलाई 2025 तक इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को दिए गए लिंक https://forms.gle/AsZfnePv7nB4c8uP9 पर जाकर अपना नाम, मोबाइल नंबर, डिज़ाइन और उस पर अपने विचार अपलोड करने होंगे।

प्रतियोगिता में चयन समिति द्वारा प्राप्त प्रविष्टियों में से सर्वश्रेष्ठ लोगो का चयन किया जाएगा, जिसे 5000 रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों, खासकर महिलाओं से इस प्रतियोगिता में भाग लेकर मातृधरा अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

ख़बर पर आपकी राय