थांदला नगर में मातृशक्ति ने निकाली भव्य कावड़ यात्रा
सैकड़ों महिलाओं ने कंधे पर कांवड़ थाम, बाबा भोलेनाथ के जयकारों के साथ किया जलाभिषेक,,
थांदला (झाबुआ)। सावन के पावन महीने में नगर में तीसरी भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन मातृशक्ति द्वारा किया गया। यह यात्रा प्राचीन अष्ट हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों और चौराहों से होते हुए सम्पन्न हुई, जहां अनेक सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर भावभीना स्वागत किया।
इस पावन यात्रा में कंचन सामाजिक सेवा संस्थान, संपूर्ण भारत गौरक्षा वाहिनी, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा सहित अनेक संगठनों के पदाधिकारियों की सहभागिता रही। इस दौरान संस्था की राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष वर्षा परमार, गौरक्षा प्रदेश महामंत्री, अजा मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य एवं पार्षद राजू धानक, जिला गो-संरक्षक राधेश्याम रावल, मंडी विधायक प्रतिनिधि कादर शेख, पत्रकार पवन नाहर और संतोष मंडार, पालक शिक्षक संघ की पूर्व अध्यक्ष राजमती धानक, समाज के वरिष्ठ भगवानलाल शर्मा, अमृतलाल चोहान, शांति बेन चोहान, महेश डाबी, किशोर मेहते सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
इस अवसर पर संस्था की राष्ट्रीय संचालक, मालवा प्रांत की महाधिवक्ता एवं महिला ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट कुमारी मयूरी धानक ने कहा, "सनातन धर्म को शिखर पर ले जाने में मातृशक्ति की भूमिका अहम है। यह यात्रा भक्ति, आस्था और एकता का प्रतीक है। अगले वर्ष और अधिक मातृशक्ति को इस यात्रा से जोड़ा जाएगा।"
भव्य कावड़ यात्रा नगर से लगभग 5 किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए ग्राम पंचायत देविगढ़, जिसे छोटी पावागढ़ के नाम से जाना जाता है, स्थित शंभू माता मंदिर पहुंची। यहां उपस्थित श्रद्धालुओं ने श्री स्वयंभू भुनात गुपेश्वर महादेव शिवलिंग पर जलाभिषेक कर पूजन, कीर्तन, दर्शन और महाआरती में भाग लिया। प्रसाद वितरण के साथ श्रद्धालु महिलाओं ने भोलेनाथ की आराधना करते हुए विश्व शांति, परिवार की सुख-समृद्धि और स्वस्थ जीवन की कामना की।
Post a Comment