नशा मुक्ति अभियान की साख को गहरा धक्का बदनावर उप जेल की महिला आरक्षक ने नशे में चूर होकर युवकों को कुचला, दो गंभीर रूप से घायल।

बदनावर उप जेल की महिला आरक्षक ने नशे में चूर होकर युवकों को कुचला,दो गंभीर रूप से घायल।

(धार अल्ताफ खान)
प्रदेश भर में चल रहे नशा मुक्ति अभियान की साख को उस वक्त गहरा धक्का लगा जब बदनावर उप जेल में पदस्थ एक महिला आरक्षक ने शराब के नशे में चूर होकर तेज रफ्तार वाहन से सड़क किनारे खड़े युवकों को टक्कर मार दी। यह घटना बीती रात की है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार,महिला आरक्षक एक काले रंग की कार (MP 43 C 4681) को तेज रफ्तार से चलाते हुए पेटलावद रोड स्थित कब्रिस्तान गेट के पास पहुँची, जहाँ कुछ युवक खड़े थे। नशे की हालत में कार नियंत्रण से बाहर हो गई और युवकों को कुचल दिया गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवकों को तत्काल अस्पताल पहुँचाया गया,जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रतलाम रेफर कर दिया गया।

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मदद कर घायलों को अस्पताल पहुँचाया।


नशा मुक्ति अभियान पर सवाल

प्रदेश और जिले में पुलिस प्रशासन द्वारा "नशे से दूरी है जरूरी" जैसे नारों के साथ जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, वहीं खुद पुलिस विभाग की महिला आरक्षक द्वारा इस तरह की गैरजिम्मेदाराना हरकत से पूरे अभियान की साख पर सवाल उठ खड़े हुए हैं।

जांच की माँग
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की माँग की है। यदि कानून के रक्षक ही कानून तोड़ें तो आमजन में असुरक्षा की भावना पैदा होना स्वाभाविक है।

ख़बर पर आपकी राय