जावेद खान थांदला।
आजाद अध्यापक शिक्षक संघ मध्यप्रदेश, जिला झाबुआ के ब्लॉक थांदला के संकुल केंद्र काकनवानी में सोमवार को संगठन की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में आगामी 9 नवंबर को दिल्ली में आयोजित पुरानी पेंशन बहाली रैली एवं भोपाल में होने वाले महासम्मेलन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक का संचालन करते हुए प्रांतीय संगठन मंत्री जवानसिंह बारिया ने शिक्षकों से एकजुटता बनाए रखने और पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन को मजबूत स्वर देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “यह आंदोलन केवल पेंशन की बहाली नहीं, बल्कि शिक्षक वर्ग के सम्मान और भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है।”
बैठक में बड़ी संख्या में उपस्थित नवीन शिक्षक संवर्ग के साथियों ने दोनों कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेने की सहमति व्यक्त की। शिक्षकों ने संगठनात्मक एकता का परिचय देते हुए अपने-अपने स्तर पर यात्रा के लिए वाहन बुकिंग की तैयारी शुरू कर दी और आवश्यक राशि जमा की।
इस अवसर पर संकुल प्राचार्य बी.एस. चरपोटा एवं आजाद अध्यापक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष मिठूसिंह गणावा ने भी शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि अध्यापक समाज सदैव राष्ट्र निर्माण की धुरी रहा है और अब समय आ गया है कि उनकी सेवाओं और योगदान का उचित सम्मान किया जाए।
बैठक में शिक्षकों का जोश और एकता देखने लायक रही। सभी ने यह संकल्प लिया कि पुरानी पेंशन बहाली के लिए दिल्ली और भोपाल दोनों ही मंचों पर शिक्षक वर्ग अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगा।

Post a Comment