नन्हे कदमों को नई उड़ान: वार्ड क्रमांक तीन की आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘विद्यारंभ’ संग भावुक विदाई समारोह आयोजित।




रिपोर्टर जावेद खान 9424860555


आज आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक तीन में नन्हे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हुए ‘विद्यारंभ कार्यक्रम’ के तहत 6 वर्ष पूर्ण कर चुके बच्चों का गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर बच्चों, अभिभावकों और कार्यकर्ताओं के बीच भावनात्मक और प्रेरणादायक माहौल देखने को मिला।


कार्यक्रम में बताया गया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों को शाला पूर्व शिक्षा खेल-खेल के माध्यम से दी जाती है, जिससे बच्चों का मानसिक, सामाजिक और शारीरिक विकास सहज रूप से होता है। अनौपचारिक शिक्षा के जरिए बच्चों को स्कूल के वातावरण के लिए तैयार किया जाता है, ताकि वे आगे की पढ़ाई में सहजता से ढल सकें।


आज आयोजित इस कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 2, 3, 4, 5, 6, 7 एवं 11 के आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ता एकत्रित हुईं। सभी केंद्रों से 6 वर्ष पूर्ण कर चुके बच्चों को विदाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।




कार्यक्रम में अभिभावकों को विशेष रूप से आमंत्रित कर उन्हें आंगनबाड़ी शिक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि 3 से 6 वर्ष की आयु में बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र भेजना जरूरी है, जिससे वे स्कूल में प्रवेश के लिए मानसिक रूप से तैयार हो सकें।


यह कार्यक्रम सुपरवाइजर श्रीमती पुष्पा डोडियार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। अतिथि के रूप में स्कूल के शिक्षक भी उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों को आगे की शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया।


कार्यक्रम में पूजा राठौर, आशा गवली, मीना यादव, संतोष बैरागी, अंतिमबाला सोनी, प्रियंका नागर एवं प्रीतिबाला अरोड़ा सहित अन्य कार्यकर्ताएं मौजूद रहीं। अंत में अंतिमबाला सोनी द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया।


यह आयोजन न केवल बच्चों के लिए एक यादगार पल बना, बल्कि अभिभावकों और समाज को भी प्रारंभिक शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करने का सशक्त माध्यम साबित हुआ।

ख़बर पर आपकी राय