38 साल की सेवाओं को सलाम — पीएम श्री कन्या विद्यालय थांदला में लेखपाल शैतानमल कोठारी का सम्मान।






थांदला — जावेद खान 

नगर के पीएम श्री विद्यालय शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के लेखपाल शैतानमल कोठारी के सेवानिवृत्ति अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा उन्हें शाल-श्रीफल भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर संस्था के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में स्नेहिल समारोह आयोजित हुआ।


38 वर्ष 5 माह की शासकीय सेवा पूर्ण करने वाले कोठारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि अलीराजपुर एवं झाबुआ जिले में सेवाकाल के दौरान उन्हें सदैव सहकर्मियों, अधिकारियों और नागरिकों का भरपूर सहयोग मिला, जिसे वे जीवनभर नहीं भूल पाएंगे।


सेवानिवृत्ति अवसर पर कोठारी ने मानवीय पहल करते हुए विद्यालय की छात्राओं के लिए पीने के शुद्ध पानी हेतु आरओ एवं वाटर कूलर विद्यालय को भेंट किया, जिसकी सर्वत्र सराहना की जा रही है।


विदाई समारोह के अंत में विद्यालय की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह एवं अभिनंदन पत्र प्रदान किया गया तथा ढोल-मांदल की धुनों के बीच सम्मानपूर्वक विदा किया गया। कार्यक्रम में उनके परिजनों सहित विद्यालय के प्राचार्य मंगल सिंह नायक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपेंद्र सोलंकी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

ख़बर पर आपकी राय