बेटियों की सुरक्षा, समाज की जिम्मेदारी — झाबुआ पुलिस का ‘मुस्कान अभियान’ जारी।
एसपी डॉ. शिव दयाल सिंह के निर्देशन में एसडीओपी नीरज नामदेव और थाना प्रभारी अशोक कनेश ने विभिन्न स्कूलों में दिलाया सुरक्षा का भरोसा
जावेद खान
झाबुआ। पुलिस अधीक्षक डॉ. शिव दयाल सिंह के निर्देशन में झाबुआ पुलिस द्वारा जिलेभर में ‘मुस्कान अभियान’ के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में एसडीओपी नीरज नामदेव एवं थाना प्रभारी अशोक कनेश ने ग्राम बेडवा, सुजापुरा और नौगांव के शासकीय विद्यालयों में पहुँचकर छात्राओं को संबोधित किया और सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारियाँ दीं।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बालिकाओं को गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाते हुए कहा कि किसी भी असहज स्थिति में तुरंत परिवार, शिक्षकों या पुलिस से संपर्क करें। साथ ही छात्राओं को आत्मरक्षा के उपाय, साइबर क्राइम से बचाव, और आपातकालीन हेल्पलाइन 1098, 112 तथा 181 की जानकारी भी दी गई।
एसडीओपी नीरज नामदेव ने कहा —
“हर बेटी की मुस्कान हमारी जिम्मेदारी है। समाज में बेटियों की सुरक्षा तभी संभव है जब वे खुद जागरूक और आत्मविश्वासी बनें। पुलिस हमेशा आपके साथ है।”
वहीं थाना प्रभारी अशोक कनेश ने कहा —
“डरें नहीं, बोलें। गलत के खिलाफ आवाज उठाना ही सच्ची बहादुरी है। पुलिस हर समय सहायता के लिए तैयार है।”
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने अधिकारियों से खुलकर सवाल पूछे और आत्मरक्षा से जुड़े सुझाव साझा किए। विद्यालय स्टाफ और ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है तथा वे अपनी सुरक्षा के प्रति सजग होती हैं।


Post a Comment