स्वामी रामनन्दाचार्यजी जयंती प्रेम समन्वय समरसता का आयोजन संघ समाज सहित घर घर जाकर दे रहे आमंत्रण





थांदला। जावेद खान 

आगामी 9 व 10 जनवरी 2026 को जगद्गुरु स्वामी रामनन्दाचार्यजी की 726 वीं जयंती व्यापक रूप से मनाए जाने को लेकर नगर के समस्त हिन्दू सनातनी उत्साहित है व नगर में घर-घर जाकर सभी को आयोजन में सहभागिता करने के लिए निमंत्रण दे रहे है। इसी तारतम्य में आयोजन संयोजक विश्वास सोनी व महेश नागर आदि ने स्थानीय स्थानकवासी जैन श्रावक संघ के अध्यक्ष प्रदीप गादिया, कोषाध्यक्ष रजनीकांत शाहजी, सचिव हितेश शाहजी, पूर्वाध्यक्ष नगीनलाल शाहजी, वरिष्ठ पदाधिकारी नरेंद्र कुमार श्रीश्रीमाल, दिलीप शाहजी, युवा पूर्वाध्यक्ष हेमंत श्रीश्रीमाल, प्रवक्ता पवन नाहर आदि को आयोजन की पत्रिका देते हुए सकल जैन श्रीसंघ को समस्त आयोजन में शामिल होने का निवेदन किया। इस अवसर पर अयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए संयोजक विश्वास सोनी ने बताया कि करीब 20 हजार हिन्दू परिवारों के मिलन व लगभग 300 से अधिक संतो से नगर की भूमि पावन होने जा रही है जिसमें जैन समाज की भूमिका महत्वपूर्ण रहती है ऐसे में उनके आने व मार्गदर्शन में भोजन आदि की व्यवस्था का लाभ मिलने से समिति के कार्य सहजता से हो जायेगें। संघ अध्यक्ष प्रदीप गादिया ने कहा कि स्वामी रामनन्दाचार्यजी की जयंती का आलम्बन लेकर हिन्दू सनातनी समाज जो कार्य कर रहा है वह आपसी एकता प्रेम  समन्वय व समरसता का प्रतीक है जो आज के दौर में जरूरत भी बन गई है। पूर्वाध्यक्ष नगीनलाल शाहजी ने कहा कि ऐसे धार्मिक अनुष्ठानों से युवाओं में भी धर्म के प्रति जागृति आती है और आपसी वैमनस्य को दूर करने में भी सहायक बनते है।


आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर।


नगर के प्रसिद्ध मेट्रो गार्डन पर होने वालें इस व्यापक धार्मिक आयोजन में मुख्य भूमिका निर्वहित करने वालें मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष नटवर सोनी, राजीव सोनी, कार्यक्रम संयोजक विश्वास सोनी व मीडिया प्रभारी पवन नाहर ने बताया कि पिपलखुटा महंत 1008 दयरामदासजी महाराज के मार्गदर्शन में होने वालें इस धार्मिक अनुष्ठान में 09 जनवरी 2026, शुक्रवार को महामंडलेश्वर 1008 शांतिस्वरूपानन्द गिरिजी महाराज (उज्जैन), महामंडलेश्वर 1008 भगवानदासजी महाराज (अयोध्या), 108 रविशरणजी महाराज (अयोध्या), गौ भक्त रघुवीरदासजी महाराज (तलावड़ा) सहित विभिन्न प्रांतों के महामंडलेश्वर, आचार्य संत महात्माओं का आगमन होगा जिनकी उपस्थिति में रात्रि 8 बजे महाकाल भक्त मधुर गायक नितिन बागवान द्वारा विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा वही 10 जनवरी 2026, शनिवार को प्रातः 8 बजे  नगर में बैंड बाजा बग्गी में विराजित संत महात्माओं सहित सकल हिन्दू समाज के महिला पुरुषों द्वारा विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। प्रातः 11 बजे से संत-महात्माओं के आशीर्वचन प्राप्त होंगे उसके पश्चात महाप्रसादी का आयोजन होगा।

दोपहर 2 बजे पश्चात आयोजन में शामिल सभी संत-महात्माओं को भेंट विदाई समारोह सम्पादित किया जाएगा। उक्त समस्त कार्यक्रम नगर के प्रमुख स्थान श्री नरनारायण पुरम (मेट्रो गार्डन) पर सम्पादित होने से यहाँ युद्व स्तर पर तैयारियां चल रही है, समिति संत महात्माओं के साथ ही पुरुष वर्ग व महिला वर्ग के लिए समस्त आयोजन में पर्याप्त रूप से पृथक - पृथक बैठक व्यवस्था कर रही है। समिति ने अंचल के सभी सनातनी धर्मावलंबीयो से सपरिवार शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की गई है।

ख़बर पर आपकी राय