झाबुआ एवं रतलाम प्रधान डाकघरों के समय में बदलाव – अब रात 8 बजे तक होगी स्पीड पोस्ट और पार्सल बुकिंग

झाबुआ एवं रतलाम प्रधान डाकघरों के समय में बदलाव – अब रात 8 बजे तक होगी स्पीड पोस्ट और पार्सल बुकिंग।


जावेद खान 9424860555

रतलाम डाक संभाग के अंतर्गत आने वाले झाबुआ एवं रतलाम प्रधान डाकघरों के कार्यसमय में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब तक इन डाकघरों में स्पीड पोस्ट, पार्सल आदि की बुकिंग की सुविधा शाम 4 बजे तक उपलब्ध थी, किंतु अब इसे बढ़ाकर रात्रि 8 बजे तक कर दिया गया है।


झाबुआ और रतलाम प्रधान डाकघर अब प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक जनसेवा हेतु खुले रहेंगे। यह निर्णय आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।


डाक अधीक्षक श्री राजेश कुमावत ने जानकारी देते हुए बताया कि डाक सेवा सदैव जनसेवा के लिए समर्पित है। समयवृद्धि से व्यापारियों, नौकरीपेशा नागरिकों एवं आम जनता को विशेष लाभ मिलेगा। अक्सर लोग दिन में अपने कार्यस्थलों पर व्यस्त रहते हैं और डाकघर समय पर नहीं पहुंच पाते थे, लेकिन अब उन्हें रात्रि 8 बजे तक स्पीड पोस्ट और पार्सल बुक करने की सुविधा उपलब्ध होगी।


मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, मध्यप्रदेश परिमंडल द्वारा प्रारंभ की गई यह पहल प्रदेश के डाक विभाग को और भी सुलभ एवं जनहितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।


भारत में डाक सेवा का इतिहास लगभग 250 वर्षों से भी पुराना है। मुगलकाल और उसके पहले भी संदेश पहुंचाने के लिए दूत प्रणाली का उपयोग होता था। अंग्रेजों के समय 1854 में भारत में आधुनिक डाक व्यवस्था की नींव रखी गई और डाक टिकट प्रणाली शुरू की गई।


समय के साथ डाकघर केवल चिट्ठी भेजने का केंद्र नहीं रहा, बल्कि मनीऑर्डर, बचत योजनाओं, स्पीड पोस्ट और पार्सल सेवा, आधार लिंकिंग जैसी आधुनिक सुविधाओं का माध्यम बन गया। आज भारत का डाक नेटवर्क विश्व का सबसे बड़ा डाक नेटवर्क है, जिसमें 1.5 लाख से अधिक डाकघर देशभर में कार्यरत हैं।


झाबुआ और रतलाम जैसे छोटे-बड़े शहरों में डाकघर वर्षों से आम जनता की आवश्यकताओं को पूरा कर रहे हैं और तकनीकी बदलाव के साथ निरंतर अपनी सेवाओं को और बेहतर बना रहे हैं।


ख़बर पर आपकी राय