थांदला। जावेद खान
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर संत रविदास बस्ती स्थित पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। शताब्दी वर्ष के अंतर्गत चल रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में शामिल इस सम्मेलन हेतु बस्ती के लगभग 900 हिंदू परिवारों से गृह संपर्क किया गया और निमंत्रण पत्र देकर सम्मिलित होने का निवेदन किया गया।
कार्यक्रम में संकटमोचन हनुमान मंदिर, देवीगढ़ के महंत स्वामी कैलाशानंद जी महाराज, मातृशक्ति प्रतिनिधि श्रीमती पलक पालरेचा तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मालवा प्रांत के ग्राम विकास प्रमुख श्री सोहनजी सोलंकी बतौर मुख्य वक्ता उपस्थित रहे। मंच संचालन नितिन डामर ने किया।
मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। आयोजन समिति के संयोजक कमलेश दायजी एवं अन्य सदस्यों ने अतिथियों का शाल-श्रीफल व पुष्पमालाओं से स्वागत किया।
अपने उद्बोधन में स्वामी कैलाशानंद जी ने हिंदू समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर कर सामाजिक एकता मजबूत करने का संदेश दिया। श्रीमती पालरेचा ने हिंदू समाज को सदैव संगठित रहने पर जोर दिया। वहीं मुख्य वक्ता सोहनजी सोलंकी ने भारतीय संस्कृति पर पड़ रहे पाश्चात्य प्रभाव और चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए समाज को सजग रहने का आह्वान किया तथा “पंच-परिवर्तन” को अपनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में भारत माता की आरती हुई।
सम्मेलन के पश्चात करीब 4000 बस्तीवासियों ने प्रसादी का लाभ लिया। भोजन व्यवस्था समकित तलेरा एवं नितेश व्होरा द्वारा सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराई गई।
कार्यक्रम की सफलता में महेश गढ़वाल, अमृतलाल चौहान, सुनील पणदा, विजयसिंह नरवरिया, मंजूलता पंवार, पद्मा हिनवार, राधिका मईडा, सनी सारेल, मुकेश वर्मा एवं बहादुर मईडा सहित अनेक कार्यकर्ताओं का उल्लेखनीय योगदान रहा।

Post a Comment