तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, थांदला की गलियां गूंजी ‘भारत माता की जय’ के नारों से

तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, थांदला की गलियां गूंजी ‘भारत माता की जय’ के नारों से

03 किलोमीटर लंबी यात्रा में सैकड़ों लोगों की सहभागिता, हर हाथ में लहराता तिरंगा बना एकता और देशभक्ति का संदेशवाहक


थांदला। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा देशभक्ति, एकता और उत्साह का अद्भुत संगम साबित हुई। मंगलवार सुबह 10 बजे पुलिस थाना परिसर से प्रारंभ हुई यह ऐतिहासिक यात्रा मठवाला कुँवा, आज़ाद चौक, गांधी चौक, भंसाली चौराहा, पीपली चौराहा होते हुए नई मंडी परिसर में आकर संपन्न हुई। लगभग 03 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में नगर के कोने-कोने से लोग शामिल हुए

बैंड-बाजे और आर्केस्ट्रा की मधुर धुनों के साथ जब यात्रा आगे बढ़ी तो हर गली, हर चौक पर देशभक्ति के गीत गूंज उठे। घरों की छतों से लोग तिरंगा लहराकर यात्रा का स्वागत कर रहे थे। हर हाथ में तिरंगा और आंखों में देशप्रेम की चमक, इस दृश्य ने थांदला को मानो देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

विद्यालयों के बच्चों का विशेष योगदान
यात्रा में स्थानीय विद्यालयों के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने महापुरुषों का जीवंत रूप धारण कर सभी को स्वतंत्रता संग्राम की याद दिलाई। पीएम श्री विद्यालय के विद्यार्थियों ने शत-प्रतिशत सहभागिता करते हुए यात्रा में अपनी ऊर्जा और जोश से चार चांद लगा दिए। वहीं नगर की संस्था अणु पब्लिक स्कूल के बच्चों ने 50 फीट लंबा और 10 फीट चौड़ा तिरंगा लेकर नगर भ्रमण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस विशाल तिरंगे को देखकर लोगों में गर्व और उत्साह की लहर दौड़ पड़ी।

सभा में गूंजे देशभक्ति के संदेश
नई मंडी परिसर में यात्रा के समापन पर आयोजित सभा में अजजा प्रदेश अध्यक्ष कलसिंह भाबर ने कहा— “हमारी आन, बान और शान तिरंगा है। यह देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता का प्रतीक है।”
भाजपा नेता सुनील पणदा ने कहा— “हमारा राष्ट्रीय ध्वज सदैव आसमान में लहराता रहे। सभी भारतीय ‘घर-घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाएं।”
पूर्व जियोस सदस्य एवं भाजपा नेता विश्वास सोनी ने कहा— “तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आत्मा, सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक है। यह हमें उन वीर सैनिकों की याद दिलाता है जो अपनी जान की बाज़ी लगाकर मातृभूमि की रक्षा करते हैं।”
मंडल अध्यक्ष बंटी डामोर ने कहा— “आज की यह तिरंगा यात्रा न केवल देशभक्ति का संदेश देती है, बल्कि हमें यह भी याद दिलाती है कि तिरंगे की शान में हम सब एक हैं और रहेंगे।”

प्रमुख जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की मौजूदगी
यात्रा में पार्षद समर्थ उपाध्याय, अशोक अरोरा, अनुविभागीय अधिकारी तरुण जैन,जनपद सीईओ देवेंद्र बरवाड़ा एसडीओपी नीरज नामदेव, थाना प्रभारी अशोक कनेश, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी,सुनील पणदा, सीएमओ कमलेश जायसवाल, खंड शिक्षा अधिकारी दीपेश सोलंकी, पार्षदगण, महिला बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जनपद पंचायत,नगर के प्रबुद्ध नागरिक, समाजसेवी, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि और मीडियाकर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

सुरक्षा और अनुशासन की मिसाल
पूरे आयोजन के दौरान स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। सुरक्षा व्यवस्था की सराहना सभी ने की।

शपथ और समापन
अंत में मंडल अध्यक्ष बंटी डामोर ने सभी उपस्थित लोगों को तिरंगे की गरिमा और सम्मान बनाए रखने की शपथ दिलवाई। तिरंगा यात्रा का संचालन पार्षद समर्थ उपाध्याय ने किया।


न्यूज़ एडीटर जावेद रशीद खान 

9424860555

ख़बर पर आपकी राय