जावेद खान थांदला।
लौह पुरुष और भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार सुबह “एकता दौड़” (Run for Unity) का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस थाना परिसर से प्रारंभ हुआ, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा के संकल्प को मजबूत करना रहा।
थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कनेश एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर नितिन डामर के संयोजन में हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में स्कूल-कॉलेज के खिलाड़ी, जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण, पुलिस स्टाफ और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
एकता दौड़ नगर पालिका चौराहे से होते हुए बॉयपास, पद्मावती नदी पुल और देवीगढ़ रोड तक पहुंची तथा वहीं से पुनः लौटते हुए पुलिस थाना प्रांगण में संपन्न हुई।
कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी नीरज नामदेव ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए सरदार पटेल के जीवन और उनके राष्ट्रीय योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना हर नागरिक का कर्तव्य है, इसके बाद उपस्थितजनों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर पूर्व विधायक कलसिंह भाबर, भाजपा मंडल अध्यक्ष बंटी डामोर, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील पणदा, डॉ. मनीष दुबे, अक्षय भट्ट मंडल महामंत्री जितेंद्र राठौड़, पार्षद राजू धानक और संतोष डामोर सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Post a Comment