थांदला। (जावेद खान)
मध्यप्रदेश हज कमेटी भोपाल के निर्देशानुसार थांदला में हज पर रवाना होने वाले हाजियों के लिए हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी एक दिवसीय विशेष ट्रेनिंग कैंप का भव्य आयोजन किया गया। इस कैंप में झाबुआ जिले भर से आए जायरीनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मुकद्दस हज यात्रा की बारीकियों को गहराई से समझा।
इस महत्वपूर्ण आयोजन में जिले के 54 हाजी (पुरुष एवं महिला) शामिल हुए, जिन्हें हज के अरकान, जरूरी मसाइल और सफर से जुड़ी तमाम अहम जानकारियां विस्तार से प्रदान की गईं।
ट्रेनिंग के दौरान माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक और प्रेरणादायक रहा।
खास तौर पर हाजी शाहिद खान की मेहनत,अनुभव और समर्पण इस पूरे कार्यक्रम में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। उनके मार्गदर्शन और सक्रिय भूमिका के कारण यह ट्रेनिंग कैंप अत्यंत सफल और प्रभावशाली रहा।
उन्होंने न केवल तकनीकी जानकारी दी, बल्कि हाजियों को आत्मविश्वास और बेहतर तैयारी के साथ सफर के लिए प्रेरित भी किया।
हज इंस्पेक्टर हाजी सिद्दीक़ खान ने सफर के दौरान जरूरी हिदायतें दीं और अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया।
कार्यक्रम की सदारत करते हुए हाजी अब्दुल समद खान ने हाजियों को सब्र, तवक्कुल और अच्छे अखलाक के साथ हज अदा करने की नसीहत दी।
वहीं मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सदर हसमतुल्लाह खान ने इस पाक सफर की अहमियत पर रोशनी डालते हुए हाजियों को दुआओं के साथ रवाना होने का संदेश दिया।
इस आयोजन को सफल बनाने में कमेटी के सक्रिय सदस्य—हाजी सईद खान, रूहुल्लाह खान, हसन निज़ामी, जेद खान, फहीम खान और जकाउल्लाह खान—का सराहनीय योगदान रहा।
कमेटी के अन्य सदस्यों ने भी इसमें भरपूर सहयोग प्रदान किया, जिससे आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सका।
अंत में सभी हाजियों के लिए सामूहिक दुआ की गई कि अल्लाह तआला उनका हज कबूल फरमाए और उन्हें सुरक्षित व कामयाब सफर अता करे।


Post a Comment