थांदला। जावेद खान
प्रशासनिक सक्रियता का परिचय देते हुए थांदला के एसडीएम भास्कर गाचले ने शुक्रवार को ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर विभिन्न संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय एवं आईटीआई संस्थान का दौरा कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने शिक्षा व्यवस्था,संसाधनों की उपलब्धता तथा साफ-सफाई की स्थिति पर विशेष ध्यान केंद्रित किया उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और संस्थानों में अनुशासन एवं स्वच्छता बनी रहे।
जवाहर नवोदय विद्यालय के निरीक्षण के दौरान एसडीएम गाचले ने विद्यालय परिसर के आसपास फैली अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने विद्यालय के समीप स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड को व्यवस्थित करने तथा विद्यालय की बाउंड्री से लगे कचरे को तत्काल साफ कराने के निर्देश नगर परिषद के सीएमओ जायसवाल को दिए।
इसके पश्चात एसडीएम ने क्षेत्र में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में भी भाग लिया, जहां उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही विकास का मूल आधार है और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान एसडीएम ने एक सराहनीय पहल करते हुए स्वयं की जनगणना कराई और आमजन को जागरूक करते हुए संदेश दिया कि सभी नागरिक जनगणना में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की नींव होती है, इसलिए हर व्यक्ति का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
एसडीएम भास्कर गाचले ने कहा कि जनगणना में भाग लेना हर नागरिक का कर्तव्य है। इससे सरकार को सटीक आंकड़े प्राप्त होते हैं और योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावी रूप से किया जा सकता है।



إرسال تعليق